5 जनवरी 2024 - 07:33
भारत और रूस के संबंधों को बिगाड़ने की कोशिश में जुटा यूरोप

भारतीय तोप के गोलों की तस्‍वीरों को जानबूझकर लीक किया गया है ताकि भारत को संकट में डाला जाए।

यूक्रेन रूस संकट शुरू होने के बाद से ही भारत ने तटस्‍थ रवैया अपना रखा है। रूस के खिलाफ संयुक्‍त राष्‍ट्र में अब तक कई प्रस्‍ताव आए लेकिन भारत ने अपने दोस्‍त के खिलाफ वोट नहीं दिया। लेकिन अब यूक्रेन युद्ध में भारतीय तोप के गोले की चर्चा खूब हो रही है। सोशल मीडिया में ऐसे वीडियो आए हैं जिसमें दिखाया जा रहा है कि यूक्रेनी सेना भारत के बिहार राज्‍य में बने तोप के गोले दाग रही है।

विशेषज्ञों के मुताबिक ये तोप के गोले और उसका वीडियो भारत और रूस की दोस्‍ती में दरार डालने की कोशिश हो सकती है। भारतीय वायुसेना के एक पूर्व अधिकारी और रक्षा व‍िशेषज्ञ विजेंद्र के ठाकुर ने रूसी न्‍यूज वेबसाइट स्‍पुतनिक से बातचीत में कहा कि भारतीय तोप के गोलों की तस्‍वीरों को जानबूझकर लीक किया गया है ताकि भारत को संकट में डाला जाए।

ठाकुर ने कहा कि यूरोपीय देश स्लोवेनिया ने बिना जानकारी दिए भारत से गोला-बारूद खरीदकर उसे यूक्रेन भेज दिया। यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध में ये गोले-बारूद इस्तेमाल किए जा रहे हैं। भारत सरकार को यूक्रेन में अपने गोला-बारूद भेजने में किसी भी छिपी हुई भूमिका से साफ तौर पर इनकार करना चाहिए और इसे गुप्त तरीके से भेजने वाले देश से अपनी नाराजगी जतानी चाहिए।